1000777340

कोर्ट रोड बनेगी मॉडल रोड, अव्यवस्थित पार्किंग और अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त

चार पहिया वाहनों की एंट्री होगी नियंत्रित, तीन नए पार्किंग स्थल विकसित करने की तैयारी

1000777340

शिवपुरी। शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में शामिल कोर्ट रोड को मॉडल रोड के रूप में विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ी पहल शुरू की है। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर नगर पालिका, कोतवाली पुलिस और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने कोर्ट रोड का निरीक्षण कर सड़क की चौड़ाई का मापन एवं सीमांकन किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उन स्थानों को चिन्हित किया जहां ठेले, अस्थायी व्यवसाय और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण यातायात बाधित हो रहा है। प्रशासन ने ठेला संचालकों और व्यापारियों से चर्चा कर उन्हें वैकल्पिक स्थानों पर व्यवस्थित करने की योजना से अवगत कराया। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई रोजगार प्रभावित करने के लिए नहीं बल्कि यातायात व्यवस्था सुधारने और शहर को व्यवस्थित बनाने के लिए की जा रही है।

यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कोर्ट रोड क्षेत्र में तीन नए पार्किंग स्थल विकसित करने की तैयारी की जा रही है। खेरीज सब्जी मंडी स्थित पार्किंग स्थल को दुपहिया वाहनों की पार्किंग के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अलावा सड़क पर अनावश्यक पार्किंग रोकने के लिए नो पार्किंग जोन भी प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा।

प्रस्तावित योजना के तहत कोर्ट रोड पर चार पहिया और तिपहिया वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित कर मुख्य रूप से दुपहिया वाहनों के आवागमन को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रशासन का मानना है कि इससे जाम की समस्या कम होगी और नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

मुख्य नगरपालिका अधिकारी इशांक धाकड़ ने नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से कोर्ट रोड को शिवपुरी की सबसे सुव्यवस्थित और आदर्श सड़क के रूप में विकसित किया जाएगा।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *