1000777194

धरना स्थल पर कांग्रेसियों पर लाठीचार्ज जैसा हमला, VIDEO सामने आने के बाद गरमाई सियासत

10-12 बाइक पर पहुंचे युवकों ने बरसाए डंडे, नामजद शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप

1000777194

शिवपुरी। पिछोर में कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं पर हुए हमले का वीडियो सामने आने के बाद मामला फिर गरमा गया है। कांग्रेस ने वीडियो को हमले का सबूत बताते हुए आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर और गिरफ्तारी की मांग की है।

कांग्रेस के अनुसार 27 मई को नवीन नगर परिषद भवन के पास शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन चल रहा था। इसी दौरान 10 से 12 मोटरसाइकिलों पर सवार 25 से 30 लोग मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडों तथा प्लास्टिक पाइपों से हमला कर दिया। हमले में कई कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हुए थे। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनिल गुप्ता ने बताया कि हमले में अतुल पाराशर, राजवीर सिंह परमार, अनिल गुप्ता, रामस्वरूप कुशवाह और चंद्रशेखर गौतम सहित कई लोग घायल हुए थे। कांग्रेस का आरोप है कि हमला सुनियोजित था और आंदोलन को दबाने के उद्देश्य से किया गया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने आरोप लगाया कि 30 मई को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में नामजद शिकायत देने के बावजूद अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। शिकायत में मंगल लोधी, सुनील लोधी, आजाद लोधी, सौरव लोधी, जीवन लोधी, असवेन्द्र लोधी, कपूर लोधी और आकाश लोधी समेत अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।

वहीं पिछोर थाना प्रभारी नीतू सिंह अहिरवार का कहना है कि शिकायत में नामजद कुछ लोगों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) जांच में घटना स्थल पर मौजूदगी नहीं मिली है। सीसीटीवी फुटेज में भी कई लोग चेहरे ढंके हुए दिखाई दे रहे हैं, जिससे पहचान में कठिनाई हो रही है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *