जमीन के बंटवारे को लेकर परिवार में खूनी संघर्ष, पति-पत्नी पर लाठियों से हमला
हिस्सा मांगने पर भड़के पिता और भाई, दंपती घायल होकर पहुंचे अस्पताल

शिवपुरी। जिले के सिरसौद गांव में पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर परिवार के भीतर विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि पिता और दो भाइयों ने मिलकर युवक तथा उसकी पत्नी के साथ लाठियों से मारपीट कर दी, जिससे दोनों घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल भावसिंह कुशवाह ने बताया कि परिवार में लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उनके अनुसार, भाई खलक सिंह और राम सिंह पिता हल्केराम कुशवाह के साथ मिलकर पैतृक जमीन बेचने की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने जमीन बेचने से पहले अपना हिस्सा अलग करने की मांग की थी।
भावसिंह का आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर पिता और दोनों भाइयों ने उन पर लाठियों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी के साथ भी मारपीट की गई। घटना में दंपती घायल हो गए, जबकि उनके बच्चे को भी मामूली चोट आई है।
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने भविष्य में जमीन में हिस्सा मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की सूचना अमोला थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
