होटलों में घरेलू गैस का अवैध इस्तेमाल उजागर: खाद्य विभाग की कार्रवाई में 20 LPG सिलेंडर जब्त

शिवपुरी। शहर में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के अवैध व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 से अधिक होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापामार जांच की। कार्रवाई के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से 20 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने माधव चौक, गुरुद्वारा चौक, पुराना बस स्टैंड, नवीन बस स्टैंड और एबी रोड क्षेत्र में निरीक्षण किया। जांच के दौरान क्वालिटी होटल, गैलेक्सी होटल, जैन समोसा, पवन करन टी स्टॉल, तोताराम टी स्टॉल, राजा टी स्टॉल, बाबा होटल एंड रेस्टोरेंट, जय गुरुदेव होटल एंड रेस्टोरेंट, सांवरिया होटल एंड रेस्टोरेंट तथा चौधरी होटल एंड रेस्टोरेंट सहित कई प्रतिष्ठानों में घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर जब्ती की कार्रवाई की गई।
जिला आपूर्ति अधिकारी तुलेश्वर कुर्रे ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। भविष्य में भी किसी प्रतिष्ठान में घरेलू एलपीजी सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई संयुक्त दल ने नायब तहसीलदार, सहायक आपूर्ति अधिकारी और विभागीय अमले के साथ मिलकर की।
