राशन के नाम पर वसूली की तो होगी कार्रवाई: गेहूं-चावल पूरी तरह मुफ्त, कलेक्टर ने जारी किए शिकायत नंबर

शिवपुरी। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत जिले के पात्र परिवारों को निःशुल्क खाद्यान्न वितरण जारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि योजना के अंतर्गत मिलने वाला गेहूं और फोर्टिफाइड चावल पूरी तरह मुफ्त है। यदि कोई राशन विक्रेता निर्धारित मात्रा से कम राशन देता है या अतिरिक्त राशि की मांग करता है तो उपभोक्ता तत्काल शिकायत कर सकते हैं।
डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी खाद्य शाखा मोतीलाल अहिरवार ने बताया कि प्राथमिक परिवारों को प्रति सदस्य 4 किलो गेहूं और 1 किलो फोर्टिफाइड चावल के साथ प्रति परिवार 1 किलो नमक दिया जा रहा है। वहीं अंत्योदय परिवारों को 30 किलो गेहूं, 5 किलो फोर्टिफाइड चावल, 1 किलो नमक तथा 1 किलो शक्कर उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत गेहूं और चावल का वितरण पूरी तरह निःशुल्क किया जा रहा है। नमक 1 रुपये प्रति किलो की दर से तथा अंत्योदय परिवारों को शक्कर 20 रुपये प्रति किलो की दर से दी जा रही है। इसके अलावा किसी भी प्रकार की अतिरिक्त राशि वसूलना नियम विरुद्ध है।
प्रशासन ने राशन उपभोक्ताओं से अपील की है कि यदि कोई उचित मूल्य दुकान संचालक गेहूं या चावल के बदले अवैध वसूली करता है अथवा निर्धारित मात्रा से कम खाद्यान्न देता है तो इसकी सूचना तत्काल खाद्य विभाग को दें। शिकायत मिलने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इन नंबरों पर करें शिकायत
- मोतीलाल अहिरवार (डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी खाद्य शाखा) – 9425950192
- तुलेश्वर कुर्रे (जिला आपूर्ति अधिकारी) – 8965847969
- कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी शिवपुरी – 7999842636
- प्रभारी कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी पोहरी – 9131994807
- कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी कोलारस/बदरवास – 7770981494
- कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी करैरा/नरवर – 9131763285
- प्रभारी कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी पिछोर – 8810303955
- प्रभारी कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी खनियाधाना – 9926238735
प्रशासन ने कहा है कि पात्र हितग्राही अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और राशन वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता होने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।
