साहब! मुझे अगवा कर नदी के घाट पर ले गए, नंगा कर महिला के सामने ले जाकर वीडियो बनाया, कट्टा अड़ाकर एक लाख की डिमांड

शिवपुरी। जिले के भौंती थाना क्षेत्र में एक किराना व्यापारी ने चार युवकों पर अपहरण, मारपीट, ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
भौंती निवासी विशाल सिंह चौहान ने शिकायत में बताया कि 3 जून की सुबह करीब 4 बजे वह बाइक से अपने पुराने मकान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उप तहसील के आगे पुलिया के पास संजू लोधी उर्फ संजू बाबा, सुल्तान खान, जयकुमार उर्फ जैकी लोधी और एक अन्य युवक ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि चारों उसे जबरन खर्रेश्वर मंदिर के सामने पारोंच नदी घाट पर ले गए।
पीड़ित का आरोप है कि वहां उसके साथ मारपीट की गई और कपड़े उतरवाकर निर्वस्त्र अवस्था में उसका वीडियो महिला के साथ बनाया गया। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर मोबाइल से क्यूआर कोड के माध्यम से 2500 रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने कट्टा दिखाकर एक लाख रुपये की मांग की और जान से मारने की धमकी दी।
विशाल सिंह ने बताया कि भय के कारण उन्होंने अपने भाई से संपर्क किया, जिसने उनके खाते में 20 हजार रुपये भेजे। आरोपियों ने यह रकम भी अपने कब्जे में ले ली। आरोप है कि उनकी बाइक और मोबाइल भी छीन लिए गए तथा शेष 80 हजार रुपये की व्यवस्था कर सुबह 11 बजे तक देने का दबाव बनाया गया।
शिकायत में कहा गया है कि बाद में आरोपी उनके घर पहुंचे और बाकी राशि लेने के बाद बाइक एवं मोबाइल वापस कर गए। पीड़ित का दावा है कि उसके पास ऑनलाइन लेनदेन के रिकॉर्ड और आरोपियों के घर आकर रुपये लेने की वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है।
व्यापारी ने आरोप लगाया है कि शिकायत करने पर आरोपी लगातार धमकी दे रहे हैं और वीडियो वायरल करने की बात कह रहे हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ अपहरण, लूट, मारपीट, ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली और धमकी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस को शिकायत सौंप दी गई है और कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।
