गोरा टीला की रात्रि चौपाल में उमड़ा जनसैलाब, संभागायुक्त और कलेक्टर ने जमीन पर बैठकर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

शिवपुरी। जनपद पंचायत कोलारस के ग्राम गोरा टीला में आयोजित रात्रि चौपाल प्रशासन और ग्रामीणों के बीच संवाद का बड़ा मंच बनी। चौपाल में संभागायुक्त मनोज खत्री और कलेक्टर अर्पित वर्मा ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कराया। वहीं शेष शिकायतों के जल्द समाधान का भरोसा दिया गया।
चौपाल के दौरान आवास, पेंशन, शिक्षा, पेयजल, बिजली, खाद्यान्न वितरण, आंगनवाड़ी सेवाएं, मध्यान्ह भोजन, गर्भवती महिलाओं को मिलने वाली सहायता राशि, राजस्व और खाद वितरण से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देते हुए समस्याओं के समयबद्ध निराकरण पर जोर दिया।
बच्चों से किया संवाद, शिक्षा के लिए किया प्रेरित
संभागायुक्त मनोज खत्री और कलेक्टर अर्पित वर्मा ने चौपाल में मौजूद बच्चों से भी बातचीत की। उन्होंने छात्र संजीव गुर्जर और छात्रा अंकेश गुर्जर से उनकी पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली तथा शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
दिव्यांगों के लिए गांव में लगेंगे विशेष शिविर
रात्रि चौपाल में संभागायुक्त ने स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय विभाग को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाकर दिव्यांगजनों के यूडीआईडी प्रमाण-पत्र बनाए जाएं और पेंशन संबंधी प्रक्रियाएं मौके पर ही पूरी की जाएं। इससे दिव्यांगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
फौती नामांतरण कैंप और अतिक्रमण हटाने के निर्देश
ग्रामीणों द्वारा नामांतरण से जुड़ी शिकायतें सामने आने पर कलेक्टर अर्पित वर्मा ने राजस्व विभाग को विशेष फौती नामांतरण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही चरनोई भूमि और पशुओं के जल स्रोतों पर हुए अतिक्रमण को हटाने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।
पेयजल और बिजली व्यवस्था पर विशेष जोर
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और जल निगम को गांवों में पेयजल योजनाओं की गुणवत्ता जांचने तथा हर घर तक नल से जल पहुंचाने के निर्देश दिए गए। वहीं जनजातीय महिलाओं की शिकायतों पर विद्युत विभाग को बस्ती में पहुंचकर बिजली बिल संबंधी समस्याओं का समाधान करने, खराब ट्रांसफार्मर बदलने और लटके तारों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
खाद की कालाबाजारी पर सख्ती, एफआईआर के निर्देश
खाद वितरण में आ रही परेशानियों की शिकायत पर कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिले में खाद की कोई कमी नहीं है। उन्होंने ग्रामीणों से कालाबाजारी की सूचना प्रशासन को देने की अपील करते हुए कोलारस एसडीएम को ऐसे मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। साथ ही कृषि विभाग को किसानों को बलराम ऐप के माध्यम से ई-टोकन बुकिंग और अन्य डिजिटल सुविधाओं की जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए।
