कुल्हाड़ी मांगने को लेकर भड़का विवाद, दो पक्षों में चली लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी, 11 पर क्रॉस FIR

शिवपुरी। जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के राजा की मुड़ेरी गांव में बुधवार शाम कुल्हाड़ी मांगने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घटना में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के 11 लोगों के खिलाफ क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव में कुशवाह परिवार का होटल और शर्मा परिवार की परचून दुकान है। बुधवार शाम ममता शर्मा अपनी दुकान के बाहर सफाई कर रही थीं। इसी दौरान उन्होंने पड़ोसी मनोज कुशवाह से कुल्हाड़ी मांगी। आरोप है कि मनोज कुशवाह ने कुल्हाड़ी देने से इनकार कर दिया और अपशब्द कहे। इस बात का ममता शर्मा के बेटे अंकित शर्मा और अन्य परिजनों ने विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि दोनों ओर से लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला किया गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
घायल ममता शर्मा ने आरोप लगाया है कि मनोज कुशवाह, सीताराम, उदित, देवेंद्र, हरिचंद्र, पातीराम, दिलीप और सोनू जाटव सहित अन्य लोगों ने उनके परिवार के साथ मारपीट की। झड़प में ममता शर्मा, अंकित शर्मा, अरविंद शर्मा और श्याम शर्मा गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार मामले में दोनों पक्षों के कुल 11 लोगों के खिलाफ बलवा सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। कुशवाह पक्ष के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा में मामला दर्ज किया गया है, जबकि शर्मा पक्ष के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
