खेड़ापति मंदिर के पुजारी के बेटे और उसकी गैंग ने की थी महिला से चैन स्नेचिंग, 6 घंटे में गिरफ्तार

शिवपुरी। पड़ोसी जिले गुना में हुई चेन स्नैचिंग की वारदात में शिवपुरी के एक युवक का नाम सामने आया है। गुना पुलिस ने महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र लूटने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक आरोपी शिवपुरी का निवासी है। पुलिस ने वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपियों को दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार, गुना शहर की भार्गव कॉलोनी में 52 वर्षीय महिला प्रेमाबाई किरार के गले से बाइक सवार तीन बदमाशों ने सोने का मंगलसूत्र झपट लिया था। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में कार्तिक त्यागी निवासी शिवपुरी, बलदेव राठौर निवासी कमलागंज तथा रोहित दुबे निवासी दिल्ली शामिल हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले गुना से ही एक बाइक चोरी की थी और उसी बाइक का उपयोग चेन स्नैचिंग में किया गया।
नशा मुक्ति केंद्र में हुई थी तीनों की दोस्ती
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि तीनों आरोपियों की दोस्ती नशा मुक्ति केंद्र में हुई थी। दिल्ली निवासी रोहित दुबे पहले शिवपुरी जिले के एक नशा मुक्ति केंद्र में काम कर चुका था, जबकि कार्तिक और बलदेव वहां उपचार के लिए भर्ती हुए थे। इसी दौरान तीनों के बीच संपर्क बढ़ा और बाद में उन्होंने मिलकर वारदात की योजना बनाई।
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य वारदातों में भी आरोपियों की संलिप्तता खंगाल रही है।
