संदिग्ध मौत पर बवाल: मायके पक्ष ने रोकी एंबुलेंस, विवाहिता की हत्या का आरोप

शिवपुरी। जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के खजूरी गांव की 24 वर्षीय विवाहिता कल्पना शाक्य की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मायके और ससुराल पक्ष आमने-सामने आ गए। मायके पक्ष ने मौत को संदिग्ध बताते हुए एंबुलेंस रोक ली और हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मामले को लेकर सिरसौद थाने में दिनभर गहमागहमी बनी रही।
पति राकेश शाक्य के अनुसार, कल्पना की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। उसे हाथ-पैर में खुजली, पेट दर्द और हाथ में सूजन की शिकायत थी। पहले उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, बाद में हालत बिगड़ने पर शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई।
मौत के बाद जब परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव ले जा रहे थे, तभी रास्ते में मायके पक्ष के लोगों ने एंबुलेंस रोक ली। उनका आरोप था कि उन्हें कल्पना के बीमार होने की कोई जानकारी नहीं दी गई और सीधे मौत की सूचना दी गई। इसके बाद शव को सिरसौद थाने ले जाया गया।
मृतका के भाई मोनू शाक्य ने आरोप लगाया कि उसकी बहन के साथ पहले भी मारपीट होती थी और उसकी मौत बीमारी से नहीं बल्कि हत्या के कारण हुई है। वहीं ससुराल पक्ष इन आरोपों से इनकार कर रहा है और मौत को बीमारी के चलते हुई बता रहा है।
पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बुधवार को चिकित्सकों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया। सिरसौद थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
