सायबर सेल ने 30 लाख के 120 गुम मोबाइल किए बरामद, लोगों को लौटाए

शिवपुरी। सायबर सेल शिवपुरी ने गुम और चोरी हुए मोबाइलों की बरामदगी में बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 30 लाख रुपए कीमत के 120 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को वापस सौंप दिए। बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और सायबर सेल प्रभारी धर्मेंद्र सिंह जाट ने मोबाइल धारकों को उनके फोन सुपुर्द किए।
पुलिस के अनुसार, जिलेभर से प्राप्त आवेदनों के आधार पर सायबर सेल लगातार गुम हुए मोबाइलों की तलाश कर रही थी। तकनीकी सहायता और विभिन्न राज्यों की पुलिस के सहयोग से उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, महाराष्ट्र, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली सहित कई स्थानों से मोबाइल बरामद किए गए।
बरामद मोबाइलों में महंगे स्मार्टफोन भी शामिल हैं। इनमें एक लाख रुपए कीमत का आईफोन भी शामिल था, जो खोने के एक दिन बाद ही एक सज्जन व्यक्ति की मदद से उसके मालिक को वापस मिल गया। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने शिवपुरी पुलिस और सायबर सेल की कार्यप्रणाली की सराहना की।
सायबर सेल के अनुसार वर्ष 2025 में भी करीब 700 गुम मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए गए थे। इस कार्रवाई में सायबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह जाट, प्रधान आरक्षक विकास सिंह चौहान, आरक्षक आलोक व्यास, दामोदर परिहार, जलज रावत और भूपेंद्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
