ग्रीन व्यू होटल में बर्थडे पार्टी के दौरान बवाल, खाने के ऑर्डर पर भिड़े दो गुट, एक माह पहले भी हुआ था विवाद

शिवपुरी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित होटल ग्रीन व्यू में जन्मदिन की पार्टी के दौरान खाने के ऑर्डर को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद में दोनों पक्षों के कई लोगों के साथ-साथ बीच-बचाव करने पहुंचे होटल मैनेजर भी घायल हो गए। घटना के बाद मामला कोतवाली थाने पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के बीच आपसी राजीनामा हो गया।
जानकारी के अनुसार, शक्तिपुरम खुड़ा निवासी फैजल खान अपने साथियों मोनू खान, सुल्तान धाकड़, जनवेद प्रजापति सहित अन्य लोगों के साथ ट्रैक्टर एजेंसी संचालक सतीश धाकड़ का जन्मदिन मनाने होटल ग्रीन व्यू पहुंचे थे। वहीं होटल संचालक अनुज अग्रवाल के बेटे कार्तिक अग्रवाल भी अपने मित्र गौतम रघुवंशी, तक्ष गोयल और अन्य साथियों के साथ जन्मदिन की पार्टी मना रहे थे।
बताया गया है कि पार्टी के दौरान खाने के ऑर्डर को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों गुटों के बीच लात-घूंसे चलने लगे। मारपीट में दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आईं। विवाद शांत कराने पहुंचे होटल मैनेजर जाहिद खान भी झगड़े की चपेट में आ गए और घायल हो गए।
घटना के दौरान 2 लाख 20 हजार रुपए नकद से भरे एक बैग को लेकर भी चर्चाएं होती रहीं। हालांकि बाद में यह रकम सुरक्षित रूप से उसके मालिक और ट्रैक्टर एजेंसी संचालक सतीश धाकड़ को वापस मिल गई।
मारपीट के बाद दोनों पक्ष शिकायत लेकर कोतवाली थाने पहुंचे, जहां पुलिस की मौजूदगी में बातचीत के बाद मामला सुलझा लिया गया। दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से राजीनामा कर लिया। वहीं होटल संचालक अनुज अग्रवाल ने भी होटल को हुए नुकसान को लेकर कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
एक माह पहले भी मारपीट के मामले में आरोपी है कार्तिक अग्रवालइस मामले में एक अहम बात यह सामने आई है कि इसमें से एक पक्ष शहर के व्यापारी वर्ग से जुड़ा हुआ है, साथ ही यह आए दिन किसी ना किसी से विवाद करते रहते है, बताया जा रहा है कि इस मामले में जो आरोपी कार्तिक अग्रवाल शामिल है उसपर एक माह पहले भी एक राठौर के साथ मारपीट की FIR हो चुकी है, अब एक माह में ही दूसरी बार इस तरह मारपीट से आरोपियों के हौसले बुलंद है।
