1000771973

पिपरसमा मंडी के बाहर प्याज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का सैलाब, 4 किमी लंबा जाम

1000771973

शिवपुरी। जिले की पिपरसमा कृषि उपज मंडी में बुधवार को प्याज की रिकॉर्ड आवक के चलते अव्यवस्था की स्थिति बन गई। मंडी के बाहर सैकड़ों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतार लगने से पिपरसमा मार्ग पर करीब तीन से चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम के कारण किसान, राहगीर और अन्य वाहन चालक घंटों परेशान होते रहे।

जानकारी के अनुसार, मंडी में प्याज लेकर पहुंचे किसानों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक रही। मंडी परिसर में पर्याप्त जगह नहीं मिलने के कारण कई किसानों ने अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सड़क किनारे और मुख्य मार्ग पर खड़ी कर दीं। इससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

करीब तीन घंटे तक चले इस जाम का असर मंडी की नीलामी प्रक्रिया पर भी पड़ा। किसानों ने मंडी प्रबंधन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि हर साल प्याज की अधिक आवक के दौरान ऐसी स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जाता।

मंडी सचिव बालेश शुक्ला ने बताया कि प्याज की अधिक आवक और सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के कारण जाम की स्थिति बनी थी। समस्या को देखते हुए मंडी का दूसरा गेट खुलवाकर वाहनों की निकासी और प्रवेश की व्यवस्था की गई। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हुआ और जाम समाप्त हो गया।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *