1000737875

खनियाधाना पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई चोरी, 2.70 लाख का माल बरामद

1000737875

शिवपुरी। जिले की खनियाधाना थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 24 घंटे के भीतर चोरी की वारदात का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 2 लाख 70 हजार रुपए कीमत का चोरी गया नकदी और सोने-चांदी का सामान बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल वारंट पर उप जेल पिछोर भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार फरियादिया गिरजाबाई साहू निवासी वंशीवट मोहल्ला खनियाधाना ने 26 मई को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 25 मई की सुबह माता मंदिर दर्शन के लिए गई थीं। दोपहर करीब 12 बजे घर लौटने पर कमरे के पीछे वाले गेट का ताला टूटा मिला। कमरे में रखे बक्से का ताला भी टूटा हुआ था, जिसमें रखे एक लाख 70 हजार रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवर गायब थे। चोरी गए सामान में एक सोने का हार, एक चांदी का हार और एक जोड़ी चांदी की पायल शामिल थी। कुल मशरूका करीब 2 लाख 70 हजार रुपए का बताया गया।

शिकायत में महिला ने अपने किरायेदार नीरज जाटव पर संदेह जताया था, जो घटना के बाद से गायब था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और मुखबिर की सूचना पर सीता पाठा मंदिर के पास सिनावल रोड स्थित गौशाला के पीछे से आरोपी नीरज जाटव पुत्र आशाराम जाटव निवासी मजरा हरीनगर ग्राम खरगवाह थाना पिछोर को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया पूरा मशरूका बरामद कर लिया। आरोपी के खिलाफ खनियाधाना थाने में अपराध क्रमांक 190/2026 के तहत धारा 305(ए) और 331(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी नीरज जाटव पर थाना मायापुर और थाना पिछोर में पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक केदार सिंह यादव सहित खनियाधाना थाना पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *