करैरा पुलिस ने 194 किलो गांजे के साथ दो तस्करों को किया गिरफ्तार, 48 लाख का माल बरामद

शिवपुरी। जिले की करैरा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 194 किलो गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक Hyundai Creta कार भी जब्त की है। बरामद गांजा और वाहन समेत कुल माल की कीमत करीब 48 लाख रुपए आंकी गई है, जिसमें 38 लाख रुपए का गांजा शामिल है।
करैरा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिछोर-बामौर की ओर से सिल्वर रंग की क्रेटा कार क्रमांक UP14DR8712 में गांजे की खेप लेकर दो लोग करैरा की ओर आ रहे हैं।
सूचना के बाद थाना प्रभारी विनोद छावई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पाल कॉलोनी के पास घेराबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद बताए गए नंबर की क्रेटा कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार आरोपियों ने अपने नाम नीरज राय पुत्र कैलाश राय निवासी राय मोहल्ला टीला करैरा और मानसिंह विश्वकर्मा पुत्र वनमाली निवासी नयाताल टीला करैरा बताए।
तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट पर सात प्लास्टिक की बोरियां मिलीं। बोरियों को खोलने पर उनमें सफेद पॉलीथिन पैकेट मिले, जिनमें गांजा भरा हुआ था। प्रत्येक बोरी में 28 पैकेट रखे गए थे। आरोपियों ने गांजा होना स्वीकार किया, लेकिन उसके संबंध में कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ करैरा थाने में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजे की यह खेप दतिया जिले के बसई निवासी रुपसिंह लोधी से खरीदकर ला रहे थे। पुलिस अब सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद छावई, उपनिरीक्षक राजकुमार सिंह चाहर, उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह चौहान, सहायक उपनिरीक्षक चरण सिंह, प्रधान आरक्षक डैनी कुमार सहित करैरा थाना और साइबर सेल की टीम की सराहनीय भूमिका रही।
