1000734037

खंडहर में मिले युवक के शव की हुई पहचान, मोबाइल लॉक होने से 4 दिन तक भटकता रहा परिवार

1000734037

शिवपुरी। शहर के पुराने बस स्टैंड के पास स्थित पुराने आरटीओ ऑफिस के खंडहर में शनिवार शाम मिले अज्ञात शव की पहचान मंगलवार को हो गई। मृतक की पहचान फिजिकल थाना क्षेत्र निवासी 26 वर्षीय विशाल रजक पुत्र नंद किशोर रजक के रूप में हुई है। मोबाइल फोन लॉक होने के कारण परिजन उससे संपर्क नहीं कर सके, जिसके चलते शव की पहचान में चार दिन लग गए।

परिजनों के मुताबिक विशाल मकानों में पुट्टी का काम करता था। उसके पिता नंद किशोर रजक ने बताया कि विशाल गुरुवार को काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। परिवार लगातार उसकी तलाश में जुटा रहा, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

जानकारी के अनुसार विशाल ने मोबाइल फोन फाइनेंस पर लिया था। किस्तें जमा नहीं होने के कारण फाइनेंस कंपनी ने मोबाइल लॉक कर दिया था। इसी वजह से वह फोन घर पर ही छोड़कर गया था। फोन साथ नहीं होने से परिवार को उसकी जानकारी जुटाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

शनिवार शाम पुराने आरटीओ ऑफिस के खंडहर में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव काफी हद तक डीकंपोज हो चुका था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था। पुलिस ने पहचान के प्रयास शुरू किए और मंगलवार को मृतक की शिनाख्त विशाल रजक के रूप में की गई।

पुलिस के मुताबिक शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि विशाल नशे का आदी था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *