1000734029

भागवत कथा के बैनर से शुरू हुआ विवाद बना खूनी संघर्ष, दो पक्षों में फायरिंग-पथराव: किशोरी समेत कई घायल

1000734029 1

शिवपुरी। जिले के अमोला थाना क्षेत्र के छान गांव में मंगलवार को पारिवारिक रंजिश और जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच जमकर फायरिंग, पत्थरबाजी और मारपीट हुई। इस खूनी संघर्ष में 14 वर्षीय किशोरी और 24 वर्षीय युवक गोली लगने से घायल हो गए, जबकि कई अन्य लोग भी घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक, राम सिंह तोमर के बेटे शिशुपाल तोमर का अपने ही परिवार के लखन तोमर, इन्द्रपाल तोमर और उनके बेटों से 4 बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि हाल ही में कोर्ट से शिशुपाल तोमर के पक्ष में फैसला आया था। इसके बाद वह खेत पर तार फेंसिंग कराने पहुंचे, लेकिन दूसरे पक्ष ने कब्जा नहीं करने दिया। इसी बीच अप्रैल माह में गांव में आयोजित भागवत कथा के बैनरों में परिवार के कुछ लोगों की फोटो नहीं लगाने को लेकर भी दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया था। उस समय पंचायत के जरिए मामला शांत करा दिया गया था, लेकिन अंदरूनी तनाव लगातार बना हुआ था।

मंगलवार को समाज के लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच राजीनामा होना था। घायल पक्ष के जितेंद्र तोमर का आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग हथियार और लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि केशव तोमर, अरुण तोमर, अरविंद तोमर, सतेंद्र तोमर, रविंद्र तोमर, विकास तोमर, लखन तोमर, चतुर सिंह, माखन, इंद्रपाल और रणवीर तोमर ने कट्टा और पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग की। फायरिंग में वीरेंद्र तोमर के हाथ में गोली लगी, जबकि मनीषा सोलंकी भी गोली लगने से घायल हो गई। इसके अलावा कई लोगों के साथ मारपीट की गई।

घायल पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी फरार हो गए, लेकिन बाद में करेरा में भी हमला किया गया। जितेंद्र तोमर के अनुसार, जब उसका भाई घायल मनीषा को देखने अस्पताल जा रहा था, तब रास्ते में उस पर पत्थरों से हमला किया गया। घटना के बाद सभी घायलों को करेरा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत में मनीषा सोलंकी को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

करेरा एसडीओपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद सामने आया है। पुलिस को कुछ लोगों के नाम भी मिले हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *