नरवर नगर परिषद में हंगामा, कर्मचारियों से अभद्रता कर शासकीय फाइलें ले जाने का आरोप, थाने में शिकायत

शिवपुरी। जिले की नरवर नगर परिषद में सोमवार दोपहर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब दो लोगों पर कार्यालय में घुसकर कर्मचारियों से अभद्रता करने और शासकीय फाइलें उठाकर ले जाने के आरोप लगे। मामले को गंभीर मानते हुए नगर परिषद प्रशासन ने नरवर थाने में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 12 बजे मानवेंद्र सिंह सोलंकी और गजानंद दांगी नगर परिषद की निर्माण शाखा कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने निर्माण कार्यों से संबंधित फाइलों का अवलोकन करने की मांग की। कर्मचारियों द्वारा नियमानुसार फाइलें देखने के लिए उपलब्ध करा दी गईं। आरोप है कि फाइलों का अवलोकन करने के दौरान दोनों व्यक्तियों ने कर्मचारियों से बहस शुरू कर दी और अभद्र व्यवहार किया।
नगर परिषद प्रशासन का आरोप है कि दोनों व्यक्ति फाइलें वापस जमा किए बिना ही उन्हें अपने साथ ले गए। घटना के बाद कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रवीण नरवरिया ने बताया कि निर्माण शाखा की फाइलें रोकने के बावजूद जबरन उठा ली गईं। वहीं निर्माण शाखा के कर्मचारी अंकुर जैन के अनुसार मानवेंद्र सिंह सोलंकी करीब 10 मिनट तक फाइलें देखते रहे और बाद में सीएमओ के पास ले जाने की बात कहकर उन्हें साथ ले गए। फिलहाल नगर परिषद प्रशासन ने नरवर थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
