रीवा हादसे के विरोध में शिवपुरी बंद, जैन समाज ने निकाली मौन रैली: आरोपी पर सख्त कार्रवाई एवं संत सुरक्षा की मांग

शिवपुरी। रीवा में कार की टक्कर से दो जैन साध्वियों के निधन के विरोध में सोमवार को शिवपुरी में सकल जैन समाज और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने मौन रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। समाजजन छतरी मंदिर से कलेक्ट्रेट तक मौन मार्च निकालते हुए पहुंचे, जहां एडीएम दिनेश शुक्ला को ज्ञापन सौंपकर आरोपी कार चालक पर कड़ी कानूनी कार्रवाई और जैन संतों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।
गौरतलब है कि 20 मई को रीवा में तेज रफ्तार कार चला रहे आरोपी राशिद अली शाह ने सड़क किनारे पैदल विहार कर रही दो जैन साध्वियों को टक्कर मार दी थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों आर्यिका माताजी का उसी दिन समाधिमरण हो गया था। इस घटना के बाद देशभर के जैन समाज में आक्रोश व्याप्त है। शिवपुरी में आयोजित मौन रैली से पहले जैन छतरी मंदिर पर विनयांजलि सभा आयोजित की गई, जिसमें परम पूज्य मुनि श्री गुरुदत्त सागर जी महाराज ने समाज को संबोधित करते हुए कहा कि जैन संतों की सुरक्षा केवल सरकार नहीं बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने संतों की सुरक्षा के लिए विशेष टीम गठित करने पर भी जोर दिया।
सभा में हिंदू संत रविदास जी महाराज और सांगानेर से आए जैन विद्वान पंडित संजीव जैन ललितपुर ने भी अपने विचार रखे। वहीं तेजमल सांखला, महेंद्र जैन रावत, संजीव जैन बाँझल और महेंद्र जैन भैयन सहित समाज के कई प्रबुद्धजन मौजूद रहे। बाद में सभी समाजजन मौन रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां ज्ञापन का वाचन पंडित संजीव जैन ने किया। इस दौरान सकल जैन समाज महापंचायत, राष्ट्रभक्त सवर्ण समाज संगठन, राष्ट्रीय जिन शासन एकता संघ, विश्व जैन संगठन, पुलक चेतना मंच, सौभाग्य संस्कार संगठन, स्यादवाद युवा क्लब, वात्सल्य समूह, जैन मिलन और महिला जैन मंडलों के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
