1000729159

शिवपुरी में कॉकरोच जनता पार्टी की एंट्री: पेपर लीक और नॉर्मलाइजेशन के खिलाफ युवाओं की प्रेस वार्ता, शिक्षा मंत्री से मांगा इस्तीफा

1000729159

शिवपुरी। सोशल मीडिया पर चर्चित ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ अब जमीनी स्तर पर भी सक्रिय नजर आने लगी है। सोमवार को शहर में युवाओं ने प्रेस वार्ता आयोजित कर शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया। युवाओं ने सरकार से परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने और शिक्षा नीतियों में सुधार की मांग की।

प्रेस वार्ता के दौरान बिक्की यादव ने हाल ही में सामने आए नीट पेपर लीक मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव की जरूरत है और युवाओं की आवाज सरकार तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। युवाओं ने पेपर लीक के आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि 2024 में बने कानून में 10 साल तक की सजा और एक करोड़ रुपए तक जुर्माने का प्रावधान होने के बावजूद ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

युवाओं ने मध्यप्रदेश की नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि भर्ती और परीक्षाओं में लागू यह प्रणाली इतनी जटिल है कि अधिकांश छात्र अंकों के निर्धारण का आधार ही नहीं समझ पाते। उन्होंने इसे सरल और पारदर्शी बनाने की मांग की। बिक्की यादव ने बताया कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ फिलहाल सोशल मीडिया अभियान के रूप में सक्रिय है और इसके माध्यम से लाखों युवा अपनी समस्याएं सामने रख रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि संगठन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से बड़ी संख्या में युवा जुड़ चुके हैं।

प्रेस वार्ता में शिक्षा मंत्री से नीट पेपर लीक मामले में इस्तीफे की मांग का भी समर्थन किया गया। युवाओं का कहना था कि नैतिक जिम्मेदारी तय होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में यह संगठन राजनीतिक रूप से सक्रिय होता है तो युवाओं के भविष्य, रोजगार और आमजन के मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी। इस दौरान विक्की यादव के साथ पुष्पेंद्र, शैलेन्द्र और शिवराम भी मौजूद रहे।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *