1000710198

शिवपुरी की गुरु लाइब्रेरी में घुसे 15 युवक, तीन छात्रों से मारपीट: CCTV में कैद हुई वारदात

1000710198

शिवपुरी। शहर के देहात थाना क्षेत्र स्थित तारकेश्वरी कॉलोनी की गुरु लाइब्रेरी में रविवार दोपहर करीब 15 युवकों ने घुसकर तीन छात्रों के साथ मारपीट कर दी। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों सहित 15 अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित छात्र प्रदीप गुर्जर ने बताया कि वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुरु लाइब्रेरी में पढ़ाई करता है। वह मूल रूप से सुरवाया थाना क्षेत्र के ग्राम बिची का निवासी है और वर्तमान में तारकेश्वरी कॉलोनी में रह रहा है। प्रदीप के अनुसार, घटना से एक दिन पहले शनिवार को लाइब्रेरी में कुर्सी हटाने की बात को लेकर कुछ युवकों से विवाद हुआ था, जिसमें हल्की हाथापाई भी हुई थी।

रविवार दोपहर करीब 2 बजे प्रदीप लाइब्रेरी में बैठा हुआ था। तभी अनिल ठाकुर, युवराज ठाकुर, अंकुश यादव और उनके साथ 10 से 15 युवक लाइब्रेरी में घुस आए। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर सभी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर डंडों व घूंसों से हमला कर दिया। हमले में प्रदीप के सिर, भौंह और पीठ पर गंभीर चोटें आईं।

मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे छोटू गुर्जर और दीपक कुशवाह को भी आरोपियों ने नहीं छोड़ा। शिकायत के मुताबिक छोटू की नाक और पीठ में चोट आई, जबकि दीपक के हाथ, कलाई और बगल में चोट पहुंची। आरोपी जाते समय जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना के समय मौके पर मौजूद मोहित सेन और नरेंद्र जाटव ने पूरी वारदात देखी। लाइब्रेरी में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *