1000709259

परिवार को बचाने खुद कंटेनर के नीचे आ गए ससुर, 15 सेकंड में चली गई जान

1000709259

शिवपुरी। जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 48 वर्षीय हाकिम सिंह की मौत हो गई। हादसा नेशनल हाईवे-46 स्थित अन्नपूर्णा होटल के सामने हुआ, जहां तेज रफ्तार कंटेनर ने सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे परिवार को चपेट में लेने की कोशिश की। आखिरी सेकंड में हाकिम सिंह ने अपने बेटे, बेटी, दामाद और 2 साल की नातिन को जोरदार धक्का देकर बचा लिया, लेकिन खुद कंटेनर के पहियों के नीचे आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के करीब 15 सेकंड के भीतर ही उनकी मौके पर मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, चंदौरिया गांव निवासी हाकिम सिंह अन्नपूर्णा होटल पर काम करते थे। उनका दामाद होशियार परिहार इंदौर में नौकरी करता है और छुट्टियों में परिवार सहित गांव आया हुआ था। रविवार रात करीब 12 बजे होशियार अपनी पत्नी रचना, बेटी गुंजन और साले राजा परिहार के साथ इंदौर लौटने के लिए बस का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान कोलारस की ओर मुड़ रही एक बस के पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर आ गया। बस से टक्कर बचाने के प्रयास में चालक ने कंटेनर मोड़ा, लेकिन वाहन सीधे सड़क किनारे खड़े परिवार की तरफ बढ़ गया। CCTV फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि खतरा सामने देखते ही हाकिम सिंह ने परिवार को धक्का देकर दूर कर दिया, जिससे उनकी जान बच गई।

हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन लेकर भागने लगा। ससुर की मौत से गुस्साए दामाद होशियार परिहार कंटेनर के पीछे दौड़े और केबिन के बाहर लटक गए। बताया जा रहा है कि वह करीब डेढ़ किलोमीटर तक कंटेनर पर लटके रहे। इस दौरान चालक ने उन्हें गिराने के लिए कंटेनर को कई बार लहराया, लेकिन कुछ दूरी पर चंदोरिया गांव के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद चालक और हेल्पर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची कोलारस पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर कंटेनर जब्त कर लिया है। पुलिस फरार चालक और हेल्पर की तलाश में जुटी हुई है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *