1000700394

किराए के मकान में लाखों की चोरी, FIR के लिए महिला को SP ऑफिस तक लगाना पड़ा चक्कर

माधव नगर में सूना कमरा देख चोरों ने बोला धावा, सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल समेट ले गए

1000700394

शिवपुरी। शहर के माधव नगर क्षेत्र में किराए के मकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। पीड़िता महिला ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद पुलिस ने पहले उसकी एफआईआर दर्ज नहीं की। परेशान होकर महिला को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत करनी पड़ी। एसपी कार्यालय के हस्तक्षेप के बाद शुक्रवार को कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। चोरी गए सामान की कीमत पांच लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार नरवर थाना क्षेत्र के डावर छितरी गांव निवासी 28 वर्षीय पूनम योगी अपने पति अशोक योगी और तीन बच्चों के साथ शिवपुरी के माधव नगर में गौरव सेन के मकान में किराए से रहती हैं। पूनम के पति मुंबई में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते हैं, जबकि पूनम बच्चों के साथ शिवपुरी में रह रही थीं। 8 मई को वह बच्चों को लेकर गांव गई थीं। जाने से पहले उन्होंने कमरे में ताला लगाया और मुख्य गेट की चाबी मकान मालिक को सौंप दी थी।


अगले दिन सुबह मकान मालिक ने फोन कर कमरे का ताला टूटा होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पूनम गांव से वापस शिवपुरी पहुंचीं। यहां आकर उन्होंने देखा कि कमरे का ताला टूटा पड़ा था और अंदर रखा सामान बिखरा हुआ था। चोर कमरे से सोने-चांदी के जेवरात और मोबाइल फोन चोरी कर ले गए थे।


पीड़िता के मुताबिक चोरी हुए सामान में एक बड़ा मंगलसूत्र, दो छोटे मंगलसूत्र, बीजासन, ओम पेंडेंट, सोने की नथ, चांदी की करधौनी, पायल, एक ओप्पो मोबाइल और दो कीपैड मोबाइल शामिल हैं। काफी तलाश और शिकायत के बाद भी जब सुनवाई नहीं हुई तो उन्होंने एसपी कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *