swatantra shivpuri 84

बगीचा सरकार मंदिर हमले के विरोध में एसपी दफ्तर पहुंचा ब्राह्मण समाज, मुख्य आरोपी को FIR में शामिल करने की मांग

swatantra shivpuri 84

शिवपुरी। करैरा स्थित प्रसिद्ध बगीचा सरकार हनुमान मंदिर पर बीते 9 मई को हुए जानलेवा हमले के विरोध में गुरुवार को जन आक्रोश फूट पड़ा। मंदिर के भक्तगण, भार्गव ब्राह्मण समाज और सवर्ण समाज के सैकड़ों लोग लामबंद होकर शिवपुरी एसपी कार्यालय पहुंचे। यहाँ उन्होंने पुलिस अधीक्षक (एसपी) यांगचेन डोलकर भूटिया को ज्ञापन सौंपकर मामले में निष्पक्ष कार्रवाई और मुख्य साजिशकर्ता का नाम एफआईआर में जोड़ने की मांग की।

सवर्ण समाज के संयोजक और भार्गव ब्राह्मण समाज के जिला अध्यक्ष महेश शर्मा ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ज्ञापन के दौरान उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में हुए हमले के दौरान राजेंद्र गिरी मुख्य भूमिका में था। महेश शर्मा के अनुसार, मंदिर के सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में राजेंद्र गिरी स्पष्ट रूप से हमलावरों को निर्देश देते हुए दिखाई दे रहा है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने एफआईआर में उसका नाम शामिल नहीं किया है।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि 9 मई की घटना बेहद खौफनाक थी। हमलावरों ने राजेश दुबे उर्फ भोला महाराज सहित अन्य लोगों पर लाठी, तलवार और सरिया जैसे घातक हथियारों से हमला किया था। इस हमले में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनकी हालत नाजुक होने के कारण उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया था, जहाँ अभी भी उनका इलाज जारी है।

सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि हमले के दौरान फरियादियों के साथ मारपीट ही नहीं बल्कि लूटपाट भी की गई। पीड़ितों के महंगे मोबाइल फोन और सोने की अंगूठियां छीन ली गईं, जो अभी तक बरामद नहीं हुई हैं। समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि आरोपी क्षेत्र की शांति भंग कर जातीय तनाव फैलाने की कोशिश कर रहा है और उसके खिलाफ पूर्व में भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी। एसपी ने कहा कि पुलिस के पास उपलब्ध वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों का बारीकी से अध्ययन किया जा रहा है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *