image 50

बैराड़ पुलिस ने 80 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ एक आरोपी को दबोचा, शराब बनाने की सामग्री और लहान नष्ट

image 50

शिवपुरी। जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत बैराड़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर 80 लीटर हाथ भट्टी की बनी कच्ची शराब जप्त की है और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर को बैराड़ पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि टपरा मोहल्ला स्थित अनाज मंडी के पीछे कुछ लोग अवैध रूप से हाथ भट्टी की कच्ची शराब तैयार कर उसे बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बैराड़ ने टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की।

पुलिस टीम ने मुखबिर के बताए स्थान पर घेराबंदी कर एक संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दिलीप राठौर (32 वर्ष), निवासी बरोद रोड, बैराड़ बताया। पुलिस ने जब मौके पर रखे त्रिपाल को हटाकर तलाशी ली, तो वहां दो प्लास्टिक की नीली केनों में 40-40 लीटर (कुल 80 लीटर) हाथ भट्टी की बनी कच्ची शराब बरामद हुई, जिसकी बाजार कीमत लगभग 16 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने मौके से शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली एल्युमीनियम की ढेकची और स्टील का भगोना भी जप्त किया। साथ ही, जमीन के अंदर गड़े हुए दो मिट्टी के मटके मिले जो लहान से भरे हुए थे। पुलिस ने मौके पर ही लहान को नष्ट कर दिया।

गिरफ्तार आरोपी दिलीप राठौर ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह लाखा बंजारा नामक व्यक्ति के साथ मिलकर शराब बनाने और बेचने का काम करता था। शराब की बिक्री से मिलने वाले मुनाफे को दोनों आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने दिलीप राठौर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है, वहीं फरार आरोपी लाखा बंजारा की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में बैराड़ थाना प्रभारी सुरेश शर्मा, प्रधान आरक्षक इकबाल अहमद, आरक्षक लालसिंह भील, आरक्षक ज्ञानसिंह रावत और आरक्षक गिर्राज त्यागी की मुख्य भूमिका रही।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *