image 49

सीमांकन के दौरान राजस्व अमले के सामने पिता-पुत्र पर हमला, SP ऑफिस पहुंचे पीड़ित

image 49

शिवपुरी। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में सरकारी अमले की मौजूदगी में गुंडागर्दी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ जमीन के सीमांकन के दौरान पिता-पुत्र पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। हैरानी की बात यह है कि यह पूरी घटना तहसीलदार और पटवारी की मौजूदगी में हुई। मामले में उचित कार्रवाई न होने से नाराज पीड़ित परिवार गुरुवार को न्याय की गुहार लगाने पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचा।

जानकारी के अनुसार, प्रगति बाजार निवासी सोहन बंसल (52 वर्ष) अपनी जमीन के सीमांकन के लिए 13 मई को तोमर हॉस्टल के पास, हैप्पी डेज स्कूल के सामने स्थित अपनी भूमि पर पहुंचे थे। उनके साथ उनका भतीजा गोरांग बंसल भी मौजूद था। सीमांकन की प्रक्रिया विधिवत रूप से पटवारी, तहसीलदार और राजस्व विभाग की टीम की मौजूदगी में चल रही थी।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जब सरकारी अमला अपनी कार्रवाई कर रहा था, तभी जतिन ठाकुर अपने भाई और अन्य साथियों के साथ मौके पर पहुँचा। आरोपियों ने उक्त जमीन को अपनी बताते हुए न केवल सीमांकन रुकवाने का प्रयास किया, बल्कि सोहन बंसल और उनके परिजनों के साथ गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया। अधिकारियों की मौजूदगी में हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला तो दर्ज किया, लेकिन उसमें ‘उचित धाराओं’ का प्रयोग नहीं किया गया। उनका कहना है कि हमला सुनियोजित था और पुलिस ने मामूली धाराओं में केस दर्ज कर खानापूर्ति कर दी है। इसी शिकायत को लेकर गुरुवार को पीड़ित परिवार एसपी कार्यालय पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई व मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

एसपी कार्यालय में सौंपे गए आवेदन में पीड़ित पक्ष ने मांग की है कि मौके पर मौजूद राजस्व अधिकारियों के बयान दर्ज किए जाएं और सीसीटीवी या वीडियो साक्ष्यों के आधार पर एफआईआर में धाराओं में इजाफा किया जाए।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *