गंदा धंधा नहीं किया तो रेड-लाइट एरिया में युवतियों को सरेराह पीटा: जमकर बरसे पत्थर! 9 पर FIR

शिवपुरी। शहर के देहात थाना क्षेत्र स्थित रेड लाइट एरिया में बुधवार की रात भारी हंगामे और खून-खराबे के नाम रही। दो पक्षों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष और पथराव में बदल गया। इस पूरे मामले में सनसनीखेज मोड़ तब आया जब पीड़ित पक्ष की महिलाओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें गंदे धंधे (देह व्यापार) में धकेलने की कोशिश की जा रही है।
गुरुवार को एसपी ऑफिस पहुंचीं पीड़ित महिलाओं ने अपनी आपबीती सुनाते हुए पुलिस के भी कान खड़े कर दिए। महिलाओं का आरोप है कि आरोपी उन पर सुरवाया थाना क्षेत्र के एक होटल में वेश्यावृत्ति करने का लगातार दबाव बना रहे थे। जब उन्होंने इस काले धंधे का हिस्सा बनने से इनकार किया, तो आरोपियों ने रंजिश पाल ली और हमला बोल दिया।
शिकायत के अनुसार, युवती अपनी बहन और एक अन्य साथी के साथ घर के बाहर खड़ी थी। तभी हऊआ बेड़ियां, शानू बेड़ियां और बिक्के बेड़ियां वहां पहुंचे और अश्लील बातें करने लगे। युवतियों ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने आव देखा न ताव और उनकी पिटाई शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आई मां को भी दबंगों ने नहीं बख्शा और उनके साथ भी बर्बरता की गई।
विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने पीड़ित पक्ष के घर पर पथराव शुरू कर दिया। इस पत्थरबाजी में घर के बाहर खड़ी बाइक चकनाचूर हो गई और सुरक्षा के लिए लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए गए। देर रात हुए इस हंगामे से पूरे इलाके में तनाव फैल गया।
देहात थाना पुलिस फिलहाल इस मामले को पुरानी रंजिश के नजरिए से देख रही है। हालांकि, दोनों पक्षों की ओर से मिली शिकायतों के बाद पुलिस ने कुल 9 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब उन पहलुओं की भी जांच कर रही है जिनमें महिलाओं ने वेश्यावृत्ति के लिए दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं।
