पड़ोसी की प्रताड़ना से तंग आकर 17 साल की किशोरी ने फंदा लगाया, बहनों ने मौत के मुंह से खींचा, बकरी बांधने का विवाद

शिवपुरी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत लाल माटी दुबे नर्सरी के पास एक मामूली विवाद ने गंभीर मोड़ ले लिया। पड़ोस के खाली प्लॉट में बकरियां बांधने की बात पर हुए झगड़े और मारपीट से आहत होकर एक 17 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की। गनीमत रही कि समय रहते बहनों ने उसे बचा लिया, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़िता अफसाना खान के अनुसार, उनके घर के पास पड़ोसी सोनू पटवा के रिश्तेदार का एक खाली प्लॉट है। बुधवार को अफसाना ने अपनी दो बकरियां उस प्लॉट में बांध दी थीं, जिस पर सोनू पटवा ने आपत्ति जताते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। हालांकि, उस समय विवाद बढ़ने पर बकरियां वहां से हटा ली गई थीं।
विवाद शाम को एक बार फिर भड़क उठा। आरोप है कि सोनू पटवा के बेटे ने वाहन खड़ा करने की बात पर अपने पिता को उकसाया, जिसके बाद सोनू पटवा ने घर पहुंचकर अफसाना और उसकी बहनों के साथ मारपीट की। अफसाना ने आरोप लगाया कि उसके बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटका गया।
जब अफसाना और उसकी एक बहन शिकायत दर्ज कराने कोतवाली थाने गईं, तब पीछे से घर में मौजूद 17 वर्षीय हिना खान के साथ भी मारपीट की गई। इस अपमान और मारपीट से क्षुब्ध होकर हिना ने अपने कमरे का दरवाजा बंद किया और दुपट्टे से फांसी लगाने का प्रयास किया।
थाने से लौटने पर बहनों को दरवाजा अंदर से बंद मिला। अनहोनी की आशंका में उन्होंने दरवाजा तोड़ा और हिना को फंदे से नीचे उतारा। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस की मदद से उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के बाद महिला पुलिस अधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की बात कही है।
