image 44

शिवपुरी के युवक​ की हरियाणा में मौत: KGP एक्सप्रेस-वे पर अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

image 44

शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के लिए एक दुखद खबर सामने आई है। हरियाणा के पलवल में केजीपी एक्सप्रेस-वे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में शिवपुरी के एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक युवक नोएडा से माल लेकर जा रहा था, तभी अज्ञात वाहन की लापरवाही ने उसकी जान ले ली।

चांदहट थाना प्रभारी हरी किशन के अनुसार, मृतक की पहचान शिवपुरी जिले के सेकरा गांव निवासी प्रताप यादव के रूप में हुई है। प्रताप पेशे से चालक था और 13 मई को कैंटर में नोएडा से मोबाइल भरकर फर्रुखनगर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह केजीपी एक्सप्रेस-वे पर पेलक टोल बूथ के पास पहुंचा, यह हादसा हो गया।

बताया जा रहा है कि पेलक टोल के पास प्रताप के कैंटर के आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन ने अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। रफ्तार तेज होने के कारण प्रताप अपने वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाया और उसका कैंटर आगे चल रहे वाहन के पिछले हिस्से में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कैंटर का अगला हिस्सा (कैबिन) पूरी तरह पिचक गया और प्रताप की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक अपना वाहन लेकर मौके से भाग निकला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने प्रताप के शव को कैबिन से बाहर निकाला और परिजनों को सूचना दी। शिवपुरी से परिजन पलवल पहुंचे, जहाँ मृतक के भाई सोनसिंह की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

शिवपुरी के सेकरा गांव में जैसे ही प्रताप की मौत की खबर पहुंची, पूरे गांव में मातम पसर गया। पुलिस ने जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस एक्सप्रेस-वे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार वाहन की तलाश कर रही है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *