12वीं के छात्र ने फांसी लगाकर किया ससुाईड: सीबीएसई रिजल्ट में सप्लीमेंट्री आने से था तनाव में

शिवपुरी। शहर के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत लुहारपुरा इलाके से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ सीबीएसई बोर्ड के परीक्षा परिणाम से क्षुब्ध होकर 12वीं के एक छात्र ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। छात्र दो विषयों में पूरक (एटीकेटी) आने के कारण मानसिक तनाव में था।
जानकारी के अनुसार, लुहारपुरा निवासी 18 वर्षीय आर्यभान सिंह सिसौदिया पुत्र धर्मेंद्र सिंह सिसौदिया ने इसी वर्ष सीबीएसई बोर्ड से 12वीं की परीक्षा दी थी। बुधवार शाम जब परीक्षा परिणाम घोषित हुआ, तो आर्यभान को पता चला कि उसके दो विषयों में पूरक आई है। परिणाम देखने के बाद वह काफी गुमसुम हो गया और घर की तीसरी मंजिल पर स्थित अपने कमरे में चला गया।
काफी देर तक जब आर्यभान नीचे नहीं आया, तो परिजन उसे देखने कमरे में पहुँचे। वहां का दृश्य देख परिजनों के होश उड़ गए छात्र फंदे पर लटका हुआ था। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुँची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। देहात थाना इंचार्ज प्रभारी योगेन्द्र सिंह सेंगर ने बताया कि परिजनों के अनुसार छात्र रिजल्ट आने के बाद से ही तनाव में था। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है ताकि अन्य संभावित कारणों का भी पता लगाया जा सके।
