शिवपुरी भीषण सड़क हादसा, गल्ला व्यापारी की कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर पलटी; परिवार घायल

शिवपुरी। जिले के बदरवास थाना क्षेत्र के अंतर्गत एनएच-46 पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दीगोद गांव के पास एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराने के बाद बीच सड़क पर पलट गई। इस हादसे में बदरवास के प्रतिष्ठित गल्ला व्यापारी पीयूष गोयल, उनकी पत्नी और बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बदरवास निवासी गल्ला व्यापारी पीयूष गोयल बुधवार को अपनी पत्नी और बच्चे के साथ कार से शिवपुरी गए थे। शाम को जब वे वापस बदरवास लौट रहे थे, तभी दीगोद गांव के पास यह हादसा हुआ। कार पीयूष गोयल स्वयं चला रहे थे। इसी दौरान उनकी कार आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया। मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में पीयूष गोयल के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उनकी पत्नी और बच्चा भी घायल हुए हैं।
सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से बदरवास स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही बदरवास थाना पुलिस मौके पर पहुँची और दुर्घटनाग्रस्त कार व ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
