पत्नि के नाम पर है राशन की दुकान और पति कर रहा है गुंडागर्दी, ग्राहकों से मारपीट और जान से मारने की धमकी

शिवपुरी। खनियांधाना तहसील की ग्राम पंचायत महरौली से सरकारी व्यवस्थाओं को चुनौती देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ राशन दुकान संचालक के पति द्वारा गरीब उपभोक्ताओं के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना ने क्षेत्र के गरीब पात्र परिवारों में दहशत और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, महरौली में शासकीय उचित मूल्य की दुकान के वितरण की जिम्मेदारी वंदना लोधी के पास है, लेकिन ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि दुकान का वास्तविक संचालन उनके पति भरत लोधी द्वारा किया जाता है। ताजा मामले में जब उपभोक्ता अपना राशन लेने पहुंचे और उन्होंने अपने हक के अनाज की मांग की, तो विक्रेता के पति भरत लोधी ने अपना आपा खो दिया। वायरल वीडियो में आरोपी न केवल अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा है, बल्कि उपभोक्ताओं को “मार कर फेंकने” की धमकी देते हुए उनके साथ हाथापाई करता भी नजर आ रहा है।
पीड़ित राशन कार्ड धारकों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। ग्रामीणों के अनुसार, राशन विक्रेता का आतंक इस कदर है कि गरीब ग्रामीण शिकायत करने से भी कतराते हैं। शिकायतों के मुख्य बिंदु इस प्रकार हैं राशन के समय पर वितरण न होना और मात्रा में कटौती करना। विरोध करने पर उपभोक्ताओं के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार। महिला समूह के नाम पर आवंटित दुकान को पुरुष द्वारा संचालित कर दबंगई दिखाना।
इस वीडियो के सार्वजनिक होने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन और खाद्य विभाग से गुहार लगाई है कि संबंधित राशन दुकान के संचालक को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए और दबंग पति के खिलाफ दंडात्मक कानूनी कार्रवाई की जाए। अब क्षेत्र की जनता की नजरें खनियांधाना प्रशासन पर टिकी हैं कि क्या इस स्पष्ट वीडियो साक्ष्य के आधार पर गरीबों को न्याय और भयमुक्त वातावरण में राशन मिलना सुनिश्चित हो पाएगा।
