शिवपुरी में दो अलग-अलग हादसों में दो युवक गंभीर रूप से घायल, एक का हाथ कंधे से उखड़ा तो दूसरे का पंजा कटा

शिवपुरी। जिले में बुधवार का दिन हादसों भरा रहा, जहाँ दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए भीषण हादसों में दो युवक काल के गाल में समाते-समाते बचे। एक ओर लुकवासा में युवक रेलवे ट्रैक किनारे लहूलुहान हालत में मिला, वहीं दूसरी ओर अमोल क्षेत्र में एक मजदूर का हाथ क्रेशर मशीन की चपेट में आने से कंधे तक उखड़ गया। दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है।
लुकवासा चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लिलवारा गांव का 26 वर्षीय जसवीर यादव मंगलवार को एक शादी समारोह में शामिल होने बदरवास गया था। बुधवार सुबह राहगीरों ने उसे रेलवे ट्रैक के पास मरणासन्न स्थिति में देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची, जहाँ जसवीर का एक हाथ का पंजा कटा हुआ था।
लुकवासा चौकी प्रभारी बैजनाथ मिश्रा ने बताया कि युवक की बाइक कुल्हाड़ी गांव के पास हाईवे किनारे खड़ी मिली है, जबकि युवक रेलवे ट्रैक के पास घायल मिला। पुलिस इसे दुर्घटना और अन्य पहलुओं से जोड़कर देख रही है। फिलहाल घायल के बयान नहीं हो सके हैं, जिसके बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
दूसरा हृदयविदारक हादसा करैरा अनुविभाग के अमोल क्षेत्र स्थित एक रेत-गिट्टी क्रेशर प्लांट पर हुआ। पारागढ़ निवासी 27 वर्षीय धीरज आदिवासी प्लांट पर काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि धीरज जब मशीन की सफाई कर रहा था, तभी कथित तौर पर किसी ने बिना देखे मशीन चालू कर दी।
मशीन की चपेट में आते ही धीरज का हाथ कंधे तक बुरी तरह उखड़ गया। चीख-पुकार सुनकर साथी मजदूरों ने तत्काल मशीन बंद की और उसे बाहर निकाला। मौके पर मौजूद लोग धीरज को तुरंत अस्पताल ले गए, जहाँ उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तत्काल हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस अब इस मामले में क्रेशर संचालक की लापरवाही की जांच कर रही है।
