खुद की शादी में हर्ष फायर: सुहागरात के बाद पुलिस ने दूल्हे को भेजा जेल, अब होगा लाइसेंस निरस्त

शिवपुरी। शादी-समारोहों में दिखावे के लिए की जाने वाली हवाई फायरिंग (हर्ष फायर) पर शिवपुरी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। थाना तेन्दुआ पुलिस ने ग्राम कडेसरा में फलदान कार्यक्रम के दौरान फायरिंग कर लोगों की जान जोखिम में डालने वाले आरोपी ममलेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मौके से 315 बोर की बंदूक जब्त कर उसका लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 17.04.2026 को ग्राम कडेसरा में ममलेश पुत्र आशाराम यादव के यहाँ फलदान का कार्यक्रम चल रहा था। रात करीब 10 बजे, जब लोग डांस कर रहे थे, तभी ममलेश अचानक हाथ में बंदूक लेकर आया और हवाई फायरिंग करने लगा। भीड़-भाड़ वाले स्थान पर इस तरह फायरिंग करने से वहां मौजूद लोगों की जान पर बन आई थी।
इस लापरवाही पर संज्ञान लेते हुए थाना तेन्दुआ में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 58/26, धारा 110 (BNS) के तहत मामला दर्ज किया गया था। दिनांक 13 मई 2026 को यह कार्रवाई की गई।
पूछताछ और जब्ती में आरोपी ममलेश यादव ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पूछताछ में पता चला कि वह बंदूक उसकी मां सुमन यादव के नाम पर लाइसेंसी थी।पुलिस ने मौके से 315 बोर की बंदूक और शस्त्र लाइसेंस जब्त कर लिया है। मामले में अब धारा 30 आर्म्स एक्ट का भी इजाफा किया गया है।
पुलिस अधीक्षक के माध्यम से जिला दंडाधिकारी शिवपुरी को शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने हेतु प्रस्ताव भेजा जा रहा है। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय कोलारस में पेश किया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि. नीतू सिंह धाकड़, सउनि जितेन्द्र सिंह जाट, प्रआर. गजेन्द्र सिंह सोलंकी, प्रआर. विश्वनाथसिंह तोमर, आरक्षक राहुल, हरिओम कौरव और प्रवेश कुमार की विशेष भूमिका रही।
