image 32

बगीचा सरकार मंदिर विवाद ने पकड़ा तूल: संतों के समर्थन में उतरे MLA प्रीतम लोधी, बोले- सड़कों पर उतरने से पीछे नहीं हटेंगे

image 32

शिवपुरी। करैरा स्थित बगीचा सरकार मंदिर में पूजा-अर्चना को लेकर उपजा विवाद अब और गहरा गया है। मंगलवार को संत समाज मंदिर परिसर में धरने पर बैठ गया, जिन्हें पिछोर विधायक प्रीतम लोधी ने सैकड़ों समर्थकों के साथ पहुंचकर अपना समर्थन दिया। विधायक लोधी ने मंच से प्रशासन को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि संत समाज के मुद्दों पर वे सड़कों पर उतरने से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि वे अभी हिंदी में बात कर रहे हैं, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर अंग्रेजी में भी अपनी बात रखेंगे और संतों के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।

धरने के दौरान संतों और श्रद्धालुओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। संतों द्वारा एसडीएम को सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि 9 मई की रात मुख्य महंत राजेंद्र गिरी महाराज के साथ मारपीट और जानलेवा हमला करने का प्रयास किया गया था। संत समाज ने इस मामले में भोला पंडित उर्फ सुधीर दुबे और उनके सहयोगियों के खिलाफ निष्पक्ष एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

संतों ने प्रशासन के समक्ष कई प्रमुख मांगें रखी हैं, जिनमें मंदिर की आय-व्यय का ऑडिट और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। मंदिर को शासकीय ट्रस्ट या धार्मिक न्यास व्यवस्था के अधीन लाया जाए। आरोप लगाया गया कि चढ़ावे की राशि का दुरुपयोग कर निजी संपत्तियां बनाई गई हैं, अतः भोला पंडित और उनके परिवार के खातों व आय स्रोतों की आर्थिक जांच हो। मंदिर परिसर को भू-माफिया, राजनीतिक और आपराधिक गतिविधियों से मुक्त कराया जाए।

वहीं दूसरी ओर, करैरा के नागरिकों और श्रद्धालुओं ने भी एसडीएम को अलग से ज्ञापन सौंपकर 2002 में बने मंदिर ट्रस्ट को विधिवत लागू करने की मांग की। नागरिकों का आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने मंदिर पर कब्जा कर रखा है और श्रद्धालुओं से अवैध वसूली की जा रही है। उन्होंने बताया कि 9 मई को हुई मारपीट की घटना के बाद से क्षेत्र में भय का माहौल है।

गौरतलब है कि 9 मई को बगीचा मंदिर में राम मंदिर की पूजा को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें जमकर लाठी-डंडे चले और कई लोग घायल हुए थे। इस मामले में पुलिस ने धीरज यादव, रवि गुर्जर, महेश गुर्जर, सोनू गुर्जर और कल्लू पाल सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *