शादी के 5 साल बाद जागा दहेज का दानव: बदरवास में विवाहिता से 3 लाख की मांग, कपड़े लेने ससुराल पहुंची तो की मारपीट

शिवपुरी। जिले के बदरवास थाना क्षेत्र के ग्राम चन्दौरिया में एक विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित करने और उसके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता निशा बैरागी ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी के पांच साल बीतने के बाद ससुराल पक्ष का व्यवहार बदल गया। वर्ष 2025 से पति विनोद बैरागी, ससुर वंशीदास और सास आशा बैरागी ने उस पर मायके से 3 लाख रुपये लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। मांग पूरी न होने पर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा और अंततः उसे घर से निकाल दिया गया, जिसके बाद से वह अपने मायके बदरवास में रह रही थी।
घटना शनिवार, 10 मई 2026 की है। निशा अपने पिता भरतदास और रिश्तेदार के साथ जरूरी कपड़े लेने अपने ससुराल ग्राम चन्दौरिया पहुंची थी। आरोप है कि वहां पहुंचते ही ससुराल वालों ने उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में निशा के पेट और हाथ में चोटें आई हैं। पीड़िता ने घायल अवस्था में थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
