image 21

नाबालिगों के हाथ में स्टेयरिंग देख यातायात पुलिस ने शहर में चलाया विशेष चेकिंग अभियान

अभिभावकों को थाने बुलाकर दिखाए मौत के आंकड़े; 16 माह में बिना हेलमेट 30 लोगों ने गंवाई जान

image 21

शिवपुरी। शहर की सड़कों पर फर्राटा भर रहे नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ सोमवार को पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यातायात पुलिस ने शहर के मुख्य चौराहों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पकड़े गए नाबालिगों के माता-पिता को थाने बुलाकर न केवल कड़ी हिदायत दी गई, बल्कि उन्हें दुर्घटनाओं के डरावने आंकड़े दिखाकर सड़क सुरक्षा का महत्व भी समझाया गया।

सोमवार दोपहर यातायात प्रभारी रणवीर सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एमएम चौराहा, अग्रसेन तिराहा और पोहरी चौराहा पर चेकिंग पॉइंट लगाए। अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चलाते मिले दर्जनों नाबालिगों को रोककर यातायात थाने लाया गया। पुलिस ने तत्काल उनके परिजनों को सूचित कर थाने बुलाया।

यातायात पुलिस ने अभिभावकों की आंखें खोलने के लिए पिछले 16 महीनों (1 जनवरी 2025 से अप्रैल 2026 तक) का रिकॉर्ड पेश किया। आंकड़ों के अनुसार कुल दुर्घटनाएं 171, घायल हुए लोग 241, मृतकों की संख्या 30 (बिना हेलमेट के कारण) है।

थाने पहुंचे परिजनों को पुलिस ने सख्त लहजे में समझाया कि नाबालिगों को वाहन देना उनके जीवन को खतरे में डालना है। इसके बाद पुलिस ने बच्चों और अभिभावकों को सामूहिक रूप से यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई। सभी ने संकल्प लिया कि वे भविष्य में नाबालिगों को वाहन नहीं देंगे, हमेशा हेलमेट पहनेंगे, ट्रिपलिंग नहीं करेंगे और वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करेंगे।

यातायात प्रभारी रणवीर सिंह यादव ने बताया कि एसपी महोदय ने शहर भ्रमण के दौरान कई नाबालिगों को लापरवाही से वाहन चलाते देखा था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने अपील की है कि बच्चों को दोपहिया वाहन के बजाय साइकिल उपलब्ध कराएं और सुरक्षित सफर के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने को प्रेरित करें।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *