swatantra shivpuri 72

SHIVPURI NEWS-गाड़ी बेचकर पैसे हड़पे, अब किश्त भरने के बाद भी वापस नहीं कर रहे वाहन, SP से शिकायत

swatantra shivpuri 72

शिवपुरी। शहर के शिव विहार कॉलोनी निवासी एक युवक ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर धोखाधड़ी और अभद्रता की शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित का आरोप है कि अनुबंध के आधार पर गाड़ी खरीदने और किश्तें चुकाने के बावजूद, मूल मालिक ने गाड़ी अपने कब्जे में ले ली है और अब उसे वापस करने के बदले अभद्र व्यवहार कर रहा है।

जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता विकास पाठक पुत्र हेमंत पाठक ने बताया कि जुलाई 2025 में उन्होंने ग्राम सेवड़ा (थाना सुभाषपुरा) निवासी सतेन्द्र धाकड़ से एक वाहन (क्रमांक RJ 11 GD 1592) अनुबंध पत्र के माध्यम से 80,000 रुपये में खरीदा था। सौदे के वक्त 50,000 रुपये नगद दिए गए और शेष 30,000 रुपये एक माह बाद चुका दिए गए थे।

वाहन पर एचडीबी (HDB) कंपनी का फायनेंस था। विकास पाठक का कहना है कि उन्होंने शुरुआत में दो बकाया किश्तें (85,000 रुपये) जमा कर गाड़ी अपने पास ली थी। मार्च 2026 में किश्त ड्यू होने के कारण बैंक ने गाड़ी खींच ली। जब विकास किश्त जमा करने बैंक पहुंचे, तो वहां सतेन्द्र धाकड़, उसका भाई मोनू और उनके जीजा पहुंच गए। उन्होंने विकास को किश्त जमा नहीं करने दी और खुद पैसे भरकर गाड़ी अपने साथ ले गए।

विकास पाठक ने आरोप लगाया है कि जब उन्होंने अपनी गाड़ी वापस मांगी, तो सतेन्द्र और उसके साथियों ने टालमटोल शुरू कर दी। ज्यादा कहने पर उनके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया गया। अब वे लोग गाड़ी वापस करने के लिए पहले उसे नाम कराने का दबाव बना रहे हैं, जबकि विकास नियमित किश्तें भरने को तैयार है।

पीड़ित ने एसपी से गुहार लगाई है कि अनुबंध पत्र के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाए और उनका वाहन वापस दिलाया जाए।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *