हत्या के मामले में गवाही बदलने का दबाव, राजीनामा नहीं किया तो कुल्हाड़ी और सरियों से पीटा, SP दफ्तर में धरने पर परिवार

शिवपुरी। जिले के गोवर्धन थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गुरिच्छा में एक पुराने हत्या के मामले को लेकर तनाव व्याप्त है। वर्ष 2024 में हुई पंकज गहलौत की हत्या के मामले में अब पीड़ित परिवार पर गवाही बदलने और राजीनामा करने का अनैतिक दबाव बनाया जा रहा है। न्याय न मिलने से हताश होकर पीड़ित परिवार सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गया।
पीड़ित श्रीलाल जाटव ने बताया कि उनके परिजन की हत्या का मामला वर्तमान में शिवपुरी न्यायालय में विचाराधीन है। आगामी तीन दिनों में इस मामले में गवाही होनी है, जिसे प्रभावित करने के लिए आरोपी पक्ष लगातार दबाव बना रहा है।
आरोप है कि 10 मई को आरोपी पक्ष के लोगों ने श्रीलाल जाटव के घर पर धावा बोल दिया। राजीनामे से इनकार करने पर हमलावरों ने कुल्हाड़ी, डंडे और लोहे की सरिया से परिवार पर हमला कर दिया, जिसमें कई सदस्य घायल हुए हैं।
पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। दर्ज की गई एफआईआर में सभी आरोपियों के नाम शामिल नहीं किए गए हैं। आरोपी अब उन्हें गांव छोड़ने और जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।
एसपी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे परिवार का कहना है कि जब तक उन्हें उचित सुरक्षा और न्याय का आश्वासन नहीं मिलता, वे वहां से नहीं हटेंगे। परिवार ने प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की है।
