बहन की मजदूरी के पैसे को लेकर 17 साल का भाई मर्डर कर बुआ के घर में छिप गया, गिरफ्तार

शिवपुरी। जिले के बदरवास थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गरगट्टू में हुई पप्पू आदिवासी की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना के बाद से फरार चल रहे नाबालिग आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी अपनी बहन की मजदूरी के पैसे मांगने के लिए पप्पू आदिवासी के घर गया था। वहां दोनों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो इतना बढ़ गया कि आरोपी ने आवेश में आकर लुहांगी (एक प्रकार का हथियार) से पप्पू पर हमला कर दिया। इस हमले में पप्पू आदिवासी की मौके पर ही मौत हो गई थी।
यह सनसनीखेज वारदात 8 मई 2026 को हुई थी, जिसके बाद से आरोपी फरार था। बदरवास थाना प्रभारी उप निरीक्षक शिखा तिवारी को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी को ग्राम मोहना के पास देखा गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और घेराबंदी की गई। पुलिस ने आरोपी नाबालिग को शहर के ठकुरपुरा इलाके में स्थित उसकी बुआ के घर से हिरासत में लिया। थाना प्रभारी शिखा तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी की उम्र लगभग 17 साल 2 महीने है। पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश कर दिया है।
