swatantra shivpuri 69

बगीचा मंदिर में पूजा को लेकर खूनी संघर्ष: लाठी-डंडों और सरिए से हमला, आधा दर्जन घायल

swatantra shivpuri 69

शिवपुरी। जिले के करैरा थाना क्षेत्र स्थित बगीचा मंदिर परिसर में शुक्रवार को पूजा-अर्चना के अधिकार को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक विवाद हो गया। इस झगड़े में जमकर लाठी-डंडे और सरिए चले, जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। घटना शुक्रवार की है, लेकिन इसका वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला गरमा गया है।

मंदिर निर्माण और पुजारी की नियुक्ति पर था विवाद

यादव मोहल्ला निवासी फरियादी अखिलेश दुबे (55 वर्ष) के अनुसार, बगीचा मंदिर परिसर में जनसहयोग से नवनिर्मित राम मंदिर में आनंद शर्मा और धर्मेंद्र शर्मा को पुजारी नियुक्त किया गया है। वहीं, परिसर के पुराने हनुमान मंदिर की पूजा राजेंद्र गिरी महाराज करते हैं। विवाद तब शुरू हुआ जब राम मंदिर के पुजारियों को कुछ लोगों द्वारा पूजा करने से रोका गया।

बातचीत करने पहुंची समिति पर हमला

सूचना मिलने पर राम मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष भोला उर्फ राजेश दुबे अपने अन्य साथियों के साथ समझाने-बुझाना करने मंदिर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मौजूद धीरज यादव, रवि गुर्जर, महेश गुर्जर और सोनू गुर्जर से बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया।

हमले में ये हुए घायल

  • राजेश दुबे: रवि गुर्जर ने सरिए से हमला किया, जिससे सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं।
  • अखिलेश दुबे: बीच-बचाव के दौरान महेश गुर्जर ने डंडे से उंगलियों पर वार किया और मोबाइल तोड़ दिया।
  • नीलेश दुबे व कालीचरण: इनके साथ सोनू गुर्जर और धीरज यादव ने मारपीट की।
  • अन्य: कपिल दुबे, संतोष शर्मा, प्रिंस दुबे और पुजारियों के साथ भी कल्लू पाल व अन्य ने लाठी-डंडों से मारपीट की।

जान से मारने की धमकी

फरियादी पक्ष का आरोप है कि घटना के समय सतीश, धीरज और छुन्नू शर्मा ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, लेकिन भागते समय आरोपियों ने पुजारियों और समिति सदस्यों को दोबारा मंदिर आने पर जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने मामले की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *