SHIVPURI NEWS-सड़क हादसों पर अंकुश लगाने खूबत घाटी सहित 4 ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण

शिवपुरी। जिले में नेशनल हाईवे पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और जान-माल के नुकसान को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन अब एक्शन मोड में आ गया है। रविवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में यातायात पुलिस और NHAI की संयुक्त टीम ने जिले के प्रमुख ब्लैक स्पॉट्स का बारीकी से निरीक्षण किया। इस टीम ने विशेष रूप से खूबत घाटी, कटमई तिराहा, नोहरी रेलवे ब्रिज और पिपरसमा चौराहे का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। नेशनल हाईवे पर हो रही लगातार दुर्घटनाओं को देखते हुए यह कदम उठाया गया है ताकि तकनीकी कमियों को दूर कर लोगों की जान बचाई जा सके।
निरीक्षण के दौरान यातायात पुलिस ने NHAI की टीम को निर्देशित किया कि इन सभी संवेदनशील जगहों पर रेडियम, रिफ्लेक्टर, साइन बोर्ड और रोड मार्किंग का काम प्राथमिकता से पूरा किया जाए। इसके साथ ही टीम ने पाया कि हाईवे पर स्थित ढाबा और होटल संचालकों द्वारा अपनी सुविधा के लिए कई अवैध कट बना लिए गए हैं, जो हादसों का मुख्य कारण बन रहे हैं। इन अवैध कटों को तुरंत बंद करने और सड़क किनारे उगी झाड़ियों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि वाहन चालकों को मोड़ पर स्पष्ट दिखाई दे सके। इन सुधारों का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं के ग्राफ को नीचे लाना है।
हादसों की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पिछले महज 18 महीनों में खूबत घाटी से लेकर ककरबाया तिराहे तक के क्षेत्र में कुल 73 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं। इन भीषण हादसों में जहां 80 लोग गंभीर रूप से घायल हुए, वहीं 30 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। पुलिस और प्रशासन का मानना है कि यदि हाईवे पर अवैध कट बंद कर दिए जाएं और संकेतक बोर्ड सही तरीके से लगा दिए जाएं, तो भविष्य में होने वाली ऐसी अकाल मौतों में काफी हद तक कमी लाई जा सकती है।
