image 10

कन्या उत्कृष्ट विद्यालय में अतिथि शिक्षकों की फजीहत, वेरिफिकेशन के नाम पर घंटों बिठाया, भड़कीं प्राचार्य

image 10

शिवपुरी। शहर के कोर्ट रोड स्थित शासकीय कन्या उत्कृष्ट विद्यालय में अतिथि शिक्षकों के वेरिफिकेशन के दौरान भारी अव्यवस्था का मामला सामने आया है। प्राचार्य की कथित मनमानी और कार्यप्रणाली से नाराज शिक्षकों ने अपनी पीड़ा व्यक्त की है। भीषण गर्मी के बीच घंटों इंतजार करने के बाद भी जब काम शुरू नहीं हुआ, तो शिक्षकों का धैर्य जवाब दे गया।

जानकारी के अनुसार, विद्यालय की प्राचार्य प्रेमलता गुप्ता को अतिथि शिक्षकों के दस्तावेजों का वेरिफिकेशन करना था। इसके लिए विभाग की ओर से सभी संबंधित शिक्षकों को शुक्रवार दोपहर 12 बजे विद्यालय पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। शिक्षक समय पर स्कूल पहुंच गए, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि दोपहर डेढ़ बजे तक भी वेरिफिकेशन का काम अटका रहा, जिससे दूर-दराज से आए शिक्षक परेशान होते रहे।

कड़ी धूप और उमस के बीच घंटों लाइन में लगे शिक्षकों में इस अव्यवस्था को लेकर गहरा रोष देखा गया। शिक्षकों का आरोप है कि उन्हें समय पर बुलाकर बिना किसी सूचना के इंतजार कराया गया। जब इस देरी और अव्यवस्था के संबंध में प्राचार्य प्रेमलता गुप्ता से मीडिया या शिक्षकों ने बातचीत करने की कोशिश की, तो वह स्पष्ट जवाब देने के बजाय भड़क गईं। उनके इस व्यवहार की भी अब कड़ी आलोचना हो रही है।

मामला बढ़ता देख जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) विवेक श्रीवास्तव ने संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा है कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कराई जाएगी। अतिथि शिक्षकों को परेशान होना पड़ा है और जो भी तथ्य जांच में सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित के खिलाफ उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *