SHIVPURI NEWS-महाराणा प्रताप की जयंती पर प्रतिमा स्थापना की उठी मांग, नगर परिषद के आश्वासन पर जताई नाराजगी

शिवपुरी। जिले के नरवर नगर में शनिवार को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती धूमधाम से मनाई गई। यह भव्य कार्यक्रम फॉरेस्ट चौकी के समीप स्थित महाराणा प्रताप तिराहे पर आयोजित किया गया, जहाँ समाजसेवियों और स्थानीय नागरिकों ने उनकी शौर्य गाथा को याद किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने महाराणा प्रताप के छायाचित्र पर तिलक लगाया और पुष्प अर्पित कर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर पूरा वातावरण ‘जय महाराणा प्रताप’ के नारों से गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष संतोष सिंह राजपूत ने महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग पुरजोर तरीके से उठाई। उन्होंने प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रतिमा स्थापना के लिए नगर परिषद नरवर को कई बार औपचारिक आवेदन दिए जा चुके हैं। परिषद की ओर से अब तक केवल आश्वासन ही मिला है, लेकिन धरातल पर प्रतिमा स्थापना की दिशा में कोई ठोस कार्य शुरू नहीं हो सका है।
संतोष सिंह राजपूत ने भावुक होते हुए कहा कि जिस स्थान पर आज प्रतिमा पर माल्यार्पण होना चाहिए था, वहां आज भी उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण करना पड़ रहा है। उन्होंने नगर परिषद और जिला प्रशासन से अपील की है कि महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना की मांग को जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
इस गरिमामय कार्यक्रम में हनुमत सिंह रावत, कृपाल सिंह सोलंकी, पिंटू प्रजापति, मोहन सिंह कुशवाहा, अर्जुन रजक, मनमोहन वाथम, अजय सिंह बैस, प्रदीप परमार, जितेंद्र प्रताप सिंह जादौन, धर्मेंद्र सिंह बैस, मोनू सोलंकी, अरविंद सिंह सोलंकी, रामावतार सिंह गुर्जर, केदार सिंह दोहरे, निहाल सिंह कुशवाहा, रणमत सोलंकी, विक्रम सिंह बैस, विजय तोमर और करन सिंह कुशवाहा सहित लगभग 50 लोग मौजूद रहे।
