lIVE-IN पार्टनर ने साथियों के साथ मिलकर किया मां-बेटी का अपहरण, युवती बरामद मुख्य आरोपी पुष्पेंद्र चौहान गिरफ्तार

शिवपुरी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवपुरी पब्लिक स्कूल के पास से मां-बेटी के अपहरण के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी पुष्पेंद्र सिंह चौहान को गिरफ्तार कर लिया है और अपहृत युवती व उसकी तीन माह की मासूम बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया है।
हथियारों के साथ घर में घुसे थे हमलावर
घटना 8 मई की रात करीब 8:35 बजे की है। फरियादिया नीलम गुहारिया ने पुलिस को बताया कि उनकी 22 वर्षीय बेटी महक, जो पिछले तीन साल से करैरा निवासी पुष्पेंद्र चौहान के साथ इंदौर में लिव-इन रिलेशनशिप में थी, वह पुष्पेंद्र की प्रताड़ना से तंग आकर अपनी तीन माह की बेटी आरोही के साथ शिवपुरी स्थित मायके में रह रही थी।
शुक्रवार रात पुष्पेंद्र अपने 8-10 साथियों के साथ हॉकी, डंडे और हथियारों से लैस होकर घर में घुस आया। आरोपियों ने न केवल परिजनों के साथ मारपीट की और जातिसूचक गालियां दीं, बल्कि महक और उसकी मासूम बच्ची को जबरन घसीटते हुए सफेद वैगन आर कार में डालकर फरार हो गए। यह पूरी वारदात घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई थी, जिसमें आरोपी मुंह पर गमछा बांधकर युवती को घसीटते नजर आ रहे थे।
अपहरण के बाद सोशल मीडिया पर युवती का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें वह अपनी मर्जी से जाने की बात कह रही थी। हालांकि, पुलिस ने मामले की गंभीरता और परिजनों की शिकायत को प्राथमिकता देते हुए जांच जारी रखी। पुलिस का मानना था कि वीडियो दबाव में भी बनवाया जा सकता है।
पडोरा पुल के पास से हुई गिरफ्तारी
कोतवाली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घेराबंदी शुरू की। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पडोरा पुल के पास दबिश दी। यहाँ से मुख्य आरोपी पुष्पेंद्र सिंह चौहान को गिरफ्तार कर लिया गया और उसके चंगुल से महक व उसकी तीन माह की बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने मुख्य आरोपी पुष्पेंद्र और उसके अन्य साथियों के खिलाफ मारपीट किडनैपिंग के साथ बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं सहित SC-ST एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब इस वारदात में शामिल पुष्पेंद्र के अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।
घटना के संबंध में पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने बताया कि किडनैपिंग का वीडियो सामने आने के बाद से ही पुलिस सक्रिय हो गई थी। हमने एफआईआर दर्ज कर युवती और बच्ची को बरामद कर लिया गया है। मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं।
