कोलारस में प्रशासन का पीला पंजा: SDM कार्यालय के पास शासकीय भूमि से हटाया अतिक्रमण

शिवपुरी। कोलारस प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कोलारस-राई रोड स्थित एसडीएम कार्यालय के सामने, टेलीफोन एक्सचेंज के पास जनपद पंचायत बिल्डिंग की शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को प्रशासनिक टीम ने जेसीबी की मदद से ढहा दिया।
एसडीएम अनूप श्रीवास्तव के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। मौके पर एसडीओपी संजय मिश्रा, कोलारस थाना प्रभारी गब्बर सिंह गुर्जर सहित तेंदुआ थाना, लुकवासा चौकी पुलिस और राजस्व विभाग की टीम भारी पुलिस बल के साथ तैनात रही।
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, उक्त शासकीय भूमि पर बिना अनुमति के नए मंदिर का निर्माण किया गया था। कार्रवाई के दौरान एसडीएम अनूप श्रीवास्तव ने स्पष्ट लहजे में कहा कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर मंदिर निर्माण की कोई अनुमति नहीं ली गई थी, जिसके चलते यह कदम उठाना पड़ा।
कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही और प्रशासन ने शांतिपूर्ण तरीके से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पूरी की।
