सौंदर्यीकरण पर सेंध: शिवपुरी के जाधव सागर तालाब से अज्ञात चोरों ने उड़ाई नई रेलिंग, सुरक्षा पर उठे सवाल

शिवपुरी। शहर के ऐतिहासिक जाधव सागर तालाब, जिसे नगर पालिका द्वारा लाखों रुपये की लागत से एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है, वहाँ से अज्ञात चोरों द्वारा नई रेलिंग चोरी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना ने तालाब के सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार कार्य की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विगत कई महीनों से नगर पालिका शिवपुरी द्वारा जाधव सागर तालाब के सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। इस महत्वकांक्षी परियोजना के अंतर्गत तालाब के चारों ओर सुरक्षा और सुंदरता के लिए लोहे की मजबूत रेलिंग लगाई जा रही थी। मंगलवार रात अज्ञात बदमाशों ने इसी रेलिंग का कुछ हिस्सा उखाड़ लिया और उसे चुराकर फरार हो गए।
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों का मानना है कि इस चोरी को नशे के आदी व्यक्तियों ने अंजाम दिया होगा, जिन्होंने चंद रुपयों के लिए लोहे की रेलिंग को कबाड़ में बेचने के इरादे से चुराया। यह भी चर्चा है कि तालाब क्षेत्र में रात के समय असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिस पर पुलिस का कोई नियंत्रण नहीं है।
घटना की सूचना मिलने पर संबंधित पक्ष द्वारा देहात थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
लाखों रुपये की लागत से चल रहे इस प्रोजेक्ट की सुरक्षा को लेकर नगर पालिका की बड़ी लापरवाही सामने आई है। सवाल उठ रहे हैं कि इतने बड़े प्रोजेक्ट की सुरक्षा के लिए रात के समय कोई गार्ड या सुरक्षाकर्मी तैनात क्यों नहीं किया गया था? नगर पालिका द्वारा कराई जा रही इस लापरवाही का खामियाजा अब करदाताओं के पैसे को भुगतना पड़ रहा है।
