शिवपुरी में किराना व्यापारी के नौकर ने ही लगा दिया लाखों का चूना, कार में भरकर चोरी कर रहा था घी-तेल

शिवपुरी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली एक किराना दुकान पर घर के भेदी द्वारा लंका ढाने का मामला सामने आया है। यहाँ एक विश्वसनीय कर्मचारी ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर व्यापारी के गोदाम में सेंध लगा दी। आरोपी दुकान से घी और तेल की पेटियां कार में भरकर ठिकाने लगा रहा था, तभी व्यापारी की सजगता से पूरा मामला पकड़ा गया। पुलिस ने कर्मचारी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, वर्मा कॉलोनी निवासी किराना व्यापारी हेमंत गुप्ता ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। हेमंत गुप्ता किसी काम से घर गए थे, जब वे वापस दुकान लौटे तो उन्होंने गोदाम के बाहर एक संदिग्ध कार खड़ी देखी। वहां काम करने वाला कर्मचारी कुनाल रजक उस कार में सामान लोड कर रहा था। जब व्यापारी ने उससे पूछताछ की, तो उसने घबराते हुए कहा कि यह सामान किसी ग्राहक का है।
व्यापारी को कुनाल की बातों पर यकीन नहीं हुआ। उन्होंने तुरंत अपने बेटे एडवोकेट शुभम गुप्ता को मौके पर बुलाया और गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में कुनाल की गतिविधियां पूरी तरह संदिग्ध नजर आईं। इसके बाद जब उससे कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने सच उगल दिया। आरोपी ने कुबूल किया कि वह दोपहर में भी एक खेप पार कर चुका है और अभी दोबारा माल भर रहा था।
चोरी का खुलासा होते ही मौके पर मौजूद लोगों ने कुनाल रजक और उसके साथी राजेंद्र पाल को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, उनका एक अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा।
चोरी किए गए सामान में पुलिस ने गगन डालडा की 12 कट्टियां, कृति तेल के 08 कार्टन, गोवर्धन घी की कई पेटियां कीमत लगभग 68 हजार 380 रूपए का सामान जब्त किया है। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और फरार तीसरे साथी की तलाश शुरू कर दी है। व्यापारी की इस सजगता ने एक बड़ी चोरी का पर्दाफाश कर दिया।
