swatantra shivpuri 48

SHIVPURI NEWS-साईं बाबा मंदिर के पास शिवहरे भवन में 4 दिनों से लगातार चोरी! CCTV में कैद हुआ चोर

swatantra shivpuri 48

शिवपुरी। शहर की फिजिकल चौकी से मात्र चंद कदम दूर, साईं बाबा मंदिर के पास स्थित शिवहरे भवन (अर्जुन लाल शिवहरे का मकान) में चोरों का आतंक चरम पर है। पिछले चार दिनों से लगातार चोर इस घर को अपना निशाना बना रहे हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान खड़े हो गए हैं।

शिवहरे भवन के निवासियों ने बताया कि पिछले चार दिनों से उनके घर में लगातार चोरी हो रही है। हर दिन कोई न कोई कीमती सामान गायब हो रहा था। शुरुआत में परिवार वालों को कुछ समझ नहीं आ रहा था, लेकिन जब रोज़ाना चोरी की घटनाएँ होने लगीं, तो उन्हें शक हुआ।

चोरों का पता लगाने के लिए परिवार वालों ने अपने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए। उनकी मेहनत रंग लाई और कल रात चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि चोर छत के रास्ते से घर में दाखिल हुआ और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

सबसे हैरानी की बात यह है कि यह चोरी Physical चौकी से मात्र चंद कदम दूर हो रही है। चार दिनों से लगातार चोरी होने के बावजूद पुलिस चोरों का पता लगाने में नाकाम रही है। सीसीटीवी फुटेज मिलने के बाद भी अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

साईं बाबा मंदिर के पास और पुलिस चौकी के इतने नज़दीक लगातार चोरी की घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है। लोग अपने घरों में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्हें डर है कि चोर अगला निशाना किसे बनाएंगे। शिवहरे परिवार ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने और उनके चोरी हुए सामान को बरामद करने की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा है कि वे पुलिस की कार्यप्रणाली से बेहद हताश हैं और उन्हें डर है कि अगर पुलिस ने जल्द कोई कार्रवाई नहीं की, तो चोर फिर से चोरी कर सकते हैं।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *