swatantra shivpuri 44

शिवपुरी में कांग्रेस कल करेगी चक्काजाम: किसानों की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन, आवाजाही पूरी तरह रहेगी बंद

swatantra shivpuri 44

शिवपुरी। किसानों की समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने बड़ा आंदोलन ऐलान किया है। गुरुवार, 7 मई को एनएच-46 पर पड़ौरा चौराहा पर सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चक्काजाम किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि इस विरोध प्रदर्शन में शिवपुरी जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों के साथ श्योपुर से भी हजारों किसान और कार्यकर्ता शामिल होंगे। आंदोलन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं और इसे जिले के सबसे बड़े किसान प्रदर्शनों में से एक माना जा रहा है।

आंदोलन के दौरान हाईवे पर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोकी जाएगी, हालांकि एंबुलेंस, फल-सब्जी और जरूरी सामान ले जाने वाले वाहनों को नहीं रोका जाएगा। जाम के दौरान यात्रियों के लिए पानी और जरूरत पड़ने पर भोजन की व्यवस्था भी की जाएगी। बसों को रोका जाएगा, लेकिन यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने का दावा किया गया है। हाईवे पर एक लेन खाली रखकर आपातकालीन सेवाओं को सुचारु बनाए रखने की योजना है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने प्रदेश सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि खरीदी व्यवस्था अव्यवस्थित है, बारदाना की कमी है और बिजली कनेक्शन बढ़ाकर किसानों की सब्सिडी खत्म की जा रही है। उन्होंने खाद की कमी, केसीसी सीमा घटने और बढ़ते कर्ज को लेकर भी सरकार को घेरा। कांग्रेस का दावा है कि प्रदेश में रोजाना किसानों की आत्महत्या हो रही है, जिससे हालात गंभीर होते जा रहे हैं।

कांग्रेस ने एमएसपी की गारंटी, कर्ज माफी, पर्याप्त खाद-बीज उपलब्धता, केसीसी सीमा बढ़ाने, टोकन व्यवस्था खत्म करने और सोलर सब्सिडी बढ़ाने जैसी प्रमुख मांगें रखी हैं। आंदोलन में विधायक फूल सिंह बरैया, कैलाश कुशवाह, पूर्व विधायक लाखन सिंह यादव, प्रागीलाल जाटव सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। कांग्रेस ने साफ संकेत दिए हैं कि यह आंदोलन सिर्फ शिवपुरी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि एनएच-46 से जुड़े अन्य जिलों में भी इसी तरह के चक्काजाम किए जाएंगे।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *